शाहजहांपुर , अगस्त 09 -- उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा है कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सरकारी प्रयासों के साथ जागरूक नागरिकों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सामाजिक संगठन अपनी जिम्मेदारी का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बन सकते हैं।

श्री खन्ना ने शनिवार देर रात वीआईपी ग्रुप के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और सम्मान मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे अपने क्षेत्र में बेहतर करने के लिए प्रेरित होते हैं। छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ नागरिकों और समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वालों का सम्मान अन्य लोगों को भी सेवा कार्यों के लिए प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं और वरिष्ठ नागरिकों के अलावा मीडिया कर्मी अमरदीप रस्तोगी को सम्मानित किया गया। श्री खन्ना ने वीआईपी ग्रुप के संस्थापक अभिनय गुप्ता और पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि संगठन पिछले 11 वर्षों से वृक्षारोपण सहित विभिन्न सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित