सुलतानपुर , अगस्त 09 -- उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा है कि युवा केवल सरकारी नौकरियों के पीछे न भागें, बल्कि उद्योग और व्यवसाय के क्षेत्र में कदम बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनें।
सुलतानपुर नगर स्थित पंडित राम नरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित भगवान दक्ष प्रजापति जयंती एवं सम्मान समारोह में शामिल होने आए श्री प्रजापति ने मीडिया से बातचीत में शिक्षा और स्वरोजगार के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षित बनाना हर परिवार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। युवाओं से एक लक्ष्य तय कर पढ़ाई करने का आग्रह किया।
मंत्री ने युवाओं को केवल सरकारी नौकरी या सेवा तक सीमित न रहने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि केंद्र और प्रदेश सरकार माटी कला बोर्ड, खादी ग्रामोद्योग, जिला उद्योग केंद्र और कौशल विकास जैसी कई योजनाएं चला रही हैं। इन योजनाओं के तहत प्रशिक्षण और बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि उद्योग क्षेत्र में कदम रखकर युवा न केवल खुद रोजगार पा सकते हैं, बल्कि 50 से 100 अन्य लोगों को भी रोजगार देने में सक्षम बन सकते हैं।
उन्होंने नगर के लोहिया चौकी विवाद और बसंती देवी के मामले पर पत्रकारों के सवाल पर कहा कि इस मामले को अनसुना नहीं किया गया है। जिले के स्थानीय राजनीतिक विवादों और कथित ऑडियो वायरल से जुड़े सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार निष्पक्ष जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करती है।
उन्होंने पत्रकारों को धमकी मिलने से जुड़े मुद्दे पर कहा कि यह बात मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आई है और इस पर जांच कराई जाएगी।
मंत्री ने बिहार के एमएलसी सीमा पंडित, राज्य महिला आयोग की सदस्य अंजू प्रजापति तथा कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष रीता प्रजापती, सुलतानपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह के साथ महाराजा दक्ष प्रजापति एवं रत्नप्पा भरमप्पा कुम्हार वरिष्ठ सम्मान से कई वरिष्ठ लोगों को सम्मानित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित