चंडीगढ़ , जुलाई 14 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परियोजना में घटिया निर्माण, लापरवाही या मानकों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री गुणवत्ता आश्वासन प्राधिकरण की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में सिंचाई, लोक निर्माण, विद्युत और जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभागों की परियोजनाओं की तकनीकी ऑडिट रिपोर्ट की समीक्षा की गयी। अध्यक्ष राजीव अरोड़ा ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी लेखापरीक्षा और सुधार संबंधी सुझाव प्रस्तुत किये।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि राज्य सरकार की परियोजनाओं के साथ-साथ हरियाणा में केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों द्वाराकिये जा रहे निर्माण कार्यों का भी समय-समय पर ऑडिट किया जाये। उन्होंने सभी विभागों को ऑडिट रिपोर्ट में सामने आयी अनियमितताओं पर तय समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बैठक में रिक्त एसडीओ, जूनियर इंजीनियर और अन्य तकनीकी पदों को शीघ्र भरने, गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र मजबूत करने, तकनीकी ऑडिट को पोर्टल और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से जोड़ने, जल निकासी प्रबंधन और गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित