चंडीगढ़ , अक्टूबर 03 -- पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने शनिवार को बताया कि राज्य सरकार ने 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान के तहत सरकारी नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों में एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी की नियमित जांच शुरू करने का फैसला किया है।
डॉ. बलबीर ने कहा कि नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों को उपचार के साथ रक्तजनित संक्रमणों की समय पर पहचान और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना इस पहल का उद्देश्य है। इंजेक्शन और सिरिंज साझा करने जैसे जोखिमपूर्ण व्यवहार से एचआईवी तथा हेपेटाइटिस-बी और सी संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
उन्होंने कहा कि पहले इन संक्रमणों की जांच के लिए समय-समय पर शिविर लगाये जाते थे, लेकिन नयी व्यवस्था में जांच को सीधे नशामुक्ति एवं पुनर्वास प्रक्रिया से जोड़ा जायेगा। इससे जांच से छूटे लोगों की पहचान और जरूरत पड़ने पर आगे की चिकित्सा एवं परामर्श के लिए रेफरल में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल नशा छोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके साथ परामर्श, मानसिक स्वास्थ्य सहयोग, चिकित्सा उपचार और सामाजिक पुनर्वास भी जरूरी हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य में आम आदमी क्लीनिकों में एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी की जांच नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इन संक्रमणों की शुरुआती पहचान से समय पर उपचार शुरू करने में मदद मिलती है। सरकारी केंद्रों में यह व्यवस्था जल्द लागू होने से नशे की समस्या से प्रभावित लोगों के लिए उपचार और स्वास्थ्य देखभाल की निरंतरता मजबूत होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित