जालौन , सितंबर 30 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में बुधवार को जिलाधिकारी समीर के निर्देशन में जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारियों समेत अन्य अधिकारियों ने विकास भवन, लोक निर्माण विभाग, एआरटीओ, विद्युत और शिक्षा विभाग के कार्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रखरखाव, लंबित प्रकरणों, साफ-सफाई और जनसुविधाओं की स्थिति जांची गई। विकास भवन स्थित कृषि, एनआरएलएम, सहकारिता, पशुपालन, ग्रामीण अभियंत्रण, डीआरडीए, डूडा, नेडा, लघु सिंचाई, जिला विकास अधिकारी और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालयों में कई अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित मिले।
कुछ कर्मचारियों के अवकाश अथवा विभागीय कार्य से बाहर होने की जानकारी दी गई। वहीं कुछ मामलों में उपस्थिति पंजिका और प्रार्थना पत्र पंजिका में अंतर मिला। बिना पूर्व सूचना अथवा स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।
एआरटीओ कार्यालय में तीन कर्मचारी बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित मिले। यहां महत्वपूर्ण पुरानी पत्रावलियां खुले में मिलने और साफ-सफाई की स्थिति खराब पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। अभिलेख सुरक्षित रखने और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। जनता से बातचीत में सर्वर समस्या और सूचना पट्ट के अभाव की शिकायत भी सामने आई।
बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पेंशन व जीपीएफ तथा जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में पुरानी ऑफलाइन शिकायतें लंबित मिलीं। अधिकारियों ने लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण अभियान से सरकारी कार्यालयों में पूरे दिन हलचल बनी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित