बाराबंकी , जनवरी 31 -- समाजवादी पार्टी (सपा( के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकारी तंत्र में व्यापक भ्रष्टाचार व्याप्त है।
उन्होंने महोबा की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में असंतोष बढ़ रहा है, जिसका प्रमाण यह है कि जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को उनके ही विधायक द्वारा रोका गया। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा, "पहले इंजन टकराते थे, अब डिब्बे टकरा रहे हैं।"दरियाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री यादव ने आरोप लगाया कि नमामि गंगे और हर घर जल जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद भी आम जनता को पेयजल की समस्या से राहत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि जब सत्ता पक्ष के विधायक ही सड़कों की बदहाली और भ्रष्टाचार को लेकर अपनी ही सरकार के मंत्रियों को घेरने लगें, तो यह भ्रष्टाचार की गहरी जड़ों का संकेत है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
शंकराचार्य प्रकरण पर बोलते हुए श्री यादव ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि संतों और शंकराचार्यों से उनकी पहचान का प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है और उन्हें नोटिस दिए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार किसानों और आम जनता से हर कदम पर प्रमाण पत्र मांग रही है, जबकि यह नहीं भूलना चाहिए कि जनता ही सर्वोपरि है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित