बैतूल , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश में बैतूल शहर के टिकारी क्षेत्र स्थित प्रताप वार्ड की विद्यासागर कॉलोनी में कथित तौर पर सरकारी भूमि पर बिना अनुमति नाली और चेंबरों का निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। वार्ड पार्षद एवं नगर पालिका की पूर्व उपाध्यक्ष रजनी वर्मा ने इस संबंध में स्थानीय विधायक हेमंत खंडेलवाल, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडे को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, कोसमी जोड़ से टिकारी मार्ग के समीप विकसित हो रही कॉलोनी के कॉलोनाइजर ने अपनी निजी व्यावसायिक भूमि को छोड़कर सार्वजनिक और शासकीय मार्ग के पास कथित रूप से बिना अनुमति नाली और कई चेंबरों का निर्माण कराया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इससे पहले से संकरे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो रहा है और स्थानीय रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस स्थान पर नगर पालिका परिषद द्वारा नई सड़क का निर्माण भी स्वीकृत किया जा चुका है। शिकायत में आशंका जताई गई है कि यदि कथित अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो सड़क का निर्माण निर्धारित चौड़ाई में करने में बाधा आ सकती है।

नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडे ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए राजस्व अधिकारियों को स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक ब्रज गोपाल परते ने बताया कि प्रारंभिक निरीक्षण किया जा चुका है। जल्द ही संबंधित पटवारी की मौजूदगी में भूमि की वास्तविक नाप-जोख कराई जाएगी।

स्थानीय रहवासियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से शासकीय भूमि की सीमाओं का निर्धारण कर कथित अतिक्रमण हटाने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित कॉलोनाइजर के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में अब राजस्व विभाग की जांच और प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित