बेतिया , अक्टूबर 25 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के निर्देश पर रविवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पूर्वी करगहिया स्थित पूसाधारी फार्म की सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध निर्माण को रोक दिया गया। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जबकि दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण कराए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सदर एसडीएम के निर्देश पर बेतिया राज के राजस्व अधिकारी, सदर अंचलाधिकारी और मुफस्सिल थानाध्यक्ष की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल निर्माण कार्य बंद कराया और निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त कर ली।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों के साथ विवाद करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और विधि-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने का आरोप बंटी कुमार और अभिषेक सुमन पर लगा है। इस मामले में बंटी कुमार, अभिषेक सुमन और संजय राय के खिलाफ मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने बंटी कुमार और अभिषेक सुमन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपित संजय राय के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने, बिना अनुमति निर्माण कराने और प्रशासनिक कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने सरकारी जमीन को अतिक्रमणमुक्त रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित