श्रीगंगानगर , अप्रैल 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती मटीली राठान ग्राम पंचायत की सरपंच के पति और तीन चार अन्य व्यक्तियों पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी कागजात फाड़ देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि ग्राम पंचायत के विकास अधिकारी (बीडीओ) पवन ब्राह्मण द्वारा की गई शिकायत के आधार पर सरपंच के पति संदीपसिंह तथा सुच्चासिंह और सन्नी आदि के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

पवन ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार को गांव में ग्राम पंचायत भवन के नजदीक एक गली में नाली निर्माण का तखमीना बनाने की कार्रवाई कर रहा था। तभी वहां उप सरपंच देवेंद्रसिंह और कुछ अन्य व्यक्ति भी आ गए। वहां जब वह तखमीना बनाने लगा तो संदीपसिंह ने फोन करके गाली-गलौज किया और कहा कि वह उप सरपंच को साथ लेकर तखमीना बनाकर उनका अपमान कर रहा है। इस दौरान देवेंद्रसिंह वहां से चला गया लेकिन कुछ देर बाद संदीपसिंह अपने साथ तीन-चार व्यक्तियों को लेकर आया उसे कार्रवाई करने से रोका और उनके हाथ से सरकारी कागजात फाड़ दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित