नयी दिल्ली , सितंबर 28 -- दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने विकासपुरी में रविवार को हुई झड़प की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकारी काम में बाधा डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्री वर्मा ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक कई बार फोन किए जाने के बाद मंत्री को कुछ देर इंतजार कराने के बाद अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि काम की गुणवत्ता से जुड़े सवालों के जवाब देने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद आप विधायक और उनके समर्थकों ने हंगामा करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि विपक्षी विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दे पर पहली बार कोई मंत्री स्वयं मौके पर जाकर चल रहे कार्य का निरीक्षण करने पहुंचा था।
श्री वर्मा ने आरोप लगाया कि घटना में शामिल आप कार्यकर्ता के खिलाफ कुछ महीने पहले एक संविदा एमसीडी कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्राथमिकी में विधायक के एक रिश्तेदार का नाम भी दर्ज है।
उन्होंने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालना और काम में रुकावट पैदा करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्री वर्मा ने पंजाब में कथित तौर पर युवतियों के साथ मारपीट की घटनाओं को लेकर भी श्री केजरीवाल पर सवाल उठाए और पूछा कि वह पंजाब के प्रभावित क्षेत्रों में जाकर इस मुद्दे पर क्यों नहीं बोलते।
मंत्री ने आप विधायक और उनके स्थानीय समर्थकों पर निर्माण कार्य के लिए नगर निकाय के इंजीनियर से कथित तौर पर पैसे मांगने का भी आरोप लगाया।
इस बीच, रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मंत्री के पास आगे बढ़ते दिख रहे एक व्यक्ति को कथित तौर पर थप्पड़ मारते हुए श्री वर्मा नजर आए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित