जयपुर , मार्च 05 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को विधानसभा में व्यवस्था दी कि भविष्य में प्रदेश के सभी जिलों में सरकारी उद्घाटन के समय लगाई जाने वाली शिला पट्टिका पर जनप्रतिनिधियों के ही नाम लिखे जाये चाहे वह किसी भी पार्टी के हो।

श्री देवनानी ने प्रश्नकाल में विधायक शत्रुघन गौतम एवं अन्य सदस्यों के पूरक प्रश्नों का चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के जवाब देने के दौरान यह व्यवस्था दी। उन्होंने कहा कि जब वह इससे पहले विधायक थे तब भी ऐसे शिलापट्टियों में चुनाव में प्रत्याशी रहे व्यक्ति तक का नाम सामने आया हैं। उन्होंने व्यवस्था देते हुए कहा कि भविष्य में सरकारी उद्धाटन में जनप्रतिनिधि का ही नाम आना चाहिए।

इससे पहले श्री गौतम के प्रश्न पर श्री खींवसर ने कहा कि उद्घाटन के समय गलत नाम के शिलालेख हैं उनकी विस्तृत जांच कराई जायेगी। उन्होंने कहा कि वह जानकारी लेकर कोई कार्रवाई करेंगे।

इस दौरान उपनेता प्रतिपक्ष रामकेश मीणा ने भरतपुर के आरबीएम अस्पताल से जुड़ा सवाल पूछने पर श्री देवनानी ने कहा कि सिर्फ केकड़ी से संबध में ही प्रश्न पूछें, पूरे राजस्थान का नहीं। इस पर श्री मीणा ने कहा कि हारे हुए जनप्रतिनिधि के नाम भी शिलापट्ट पर आ जाते हैं।

विधायक गोविंद सिंह डोटासरा के पूरक प्रश्न पर श्री खींवसर ने कहा कि उद्घाटन के समय शिलापट्टिका पर नियमानुसार जनप्रतिनिधियों के नाम हो और इसका उल्लंघन होने पर कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित