लखनऊ , मई 15 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और पेट्रोलियम उत्पादों की खपत कम करने के आह्वान के क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार ने भी संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने की पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से सचिवालय तक का सफर बाइक से तय कर ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का आह्वान केवल अपील नहीं, बल्कि देशहित में आवश्यक कदम है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर थोड़ी-थोड़ी ऊर्जा बचत का संकल्प ले, तो इसका सकारात्मक प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को तेल एवं अन्य संसाधनों का न्यूनतम उपयोग करने तथा उनके सदुपयोग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। इसी भावना के तहत उन्होंने बाइक से यात्रा कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया है।

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ऊर्जा संरक्षण और जनजागरूकता के लिए लगातार प्रयास कर रही है तथा आने वाले समय में इस विषय पर व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित