पणजी , जुलाई 14 -- भारत की युवा खिलाड़ी सयाली वानी ने बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सीजन-7 का अब तक का सबसे रोमांचक मुकाबला अपने नाम करते हुए लगातार तीन टाई पॉइंट बचाए और फिर गोल्डन पॉइंट पर भारत की स्टार खिलाड़ी मनिका बत्रा को हराकर यूपी प्रोमेथियंस को सीजन की पहली जीत दिलाई। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में यूपी ने अहमदाबाद एपीएल पाइपर्स को 8-7 से हराया।

मुकाबले का फैसला रात के आखिरी मैच में हुआ, जहां सयाली ने यादगार वापसी की। पहला गेम 5-11 से गंवाने के बाद उन्होंने दूसरे गेम में 3-7 से पिछड़ने के बावजूद 11-8 से जीत दर्ज की। निर्णायक गेम में वह 7-10 से पीछे थीं और यूपी हार के बेहद करीब था, लेकिन सयाली ने लगातार तीन टाई पॉइंट बचाकर मुकाबले को गोल्डन पॉइंट तक पहुंचाया और फिर शानदार संयम दिखाते हुए जीत अपने नाम कर ली। इस तरह उन्होंने भारतीय टेबल टेनिस की सबसे बड़ी खिलाड़ियों में से एक मनिका बत्रा के खिलाफ शानदार उलटफेर किया।

मुकाबले की शुरुआत उतार-चढ़ाव भरी रही। पायस जैन ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए सुधांशु ग्रोवर को हराया। इसके बाद सोफिया पोलकानोवा ने दो बार की बटरफ्लाई यूटीटी एमवीपी यांगजी लियू को मात देकर अहमदाबाद को शुरुआती बढ़त दिलाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित