पटना , अप्रैल 18 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सिविल विमानन विभाग तथा नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। समीक्षा के दौरान सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार ने विभाग की प्राथमिकताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं सकारात्मक बदलाव के संबंध में प्रचार के विभिन्न माध्यमों द्वारा लोगों को बेहतर ढंग से जागरुक किया जा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, वेब मीडिया, वेब पोर्टल, इन्फ्लूयेंशर, डिजिटल मीडिया आदि का प्रचार के लिए उपयोग किया जा रहा है। ब्रांड बिहार एवं अन्य योजनाओं के साथ-साथ कला-संस्कृति, पुरातात्विक स्थल सहित अन्य महत्वपूर्ण धरोहरों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। सभी विभागों के जन-संपर्क कार्य को सुदृढ़ किया गया है। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का भी उपयोग विभिन्न प्रचार माध्यमों में किया जा रहा है।

श्री चौधरी ने समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि जिला स्तर पर सांस्कृतिक धरोहरों की पहचान करें और इसके संबंध में पर्यटकों तक सहज और सरल ढंग से जानकारी पहुंचाने की व्यवस्था सुदृढ़ करें। उन्होंने कहा कि बिहार में बहुत कार्य किए गए हैं और राष्ट्रीय स्तर पर उसकी ब्रांडिंग अच्छे ढंग से होनी चाहिए। बिहार में किए गए बेहतर कार्यों को लोग जानें और समझें। राज्य के बाहर बिहार का मजबूत ढंग से ब्रांडिंग हो। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का प्रयोग रियल टाइम मॉनीटरिंग के लिए अच्छे ढंग से करें। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस को विभागों एवं सरकार के कार्यों में उसका कैसे बेहतर उपयोग किया जा सकता हैं, इसे लेकर कार्य करें। नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पंचायती राज विभाग विशेष रूप से इस पर कार्य शुरू करें। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन को चिह्नित कर विज्ञापन आदि के लिए उपयोग करें, जिससे रेवेन्यू जेनरेट हो सके। सरकार के संसाधनों का सही उपयोग हो, यह हम सभी के लिए जरूरी है।

समीक्षा के दौरान सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचंद्र देवरे ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बिहार सरकार के सिविल विमानन विभाग की ओर से राज्य में हवाई अवसंरचना के समग्र विकास एवं अंतर्राष्ट्रीय संपर्कता को सुदृढ़ करने के लिये किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी दी। राज्य में हवाई अड्डों के विकास, उड्डयन प्रशिक्षण तथा आपदा प्रबंधन एवं वी.आई.पी. उड़ान सेवाओं के संचालन जैसे प्रमुख कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा बिहार में अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्त्वाकांक्षी नीति लागू की गई है, जिसके तहत पटना एवं गया से विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाएं प्रारंभ करने के लिये समुचित कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित