पटना , मार्च 02 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गया जिले के गुरुआ प्रखंड में शहीद सूबेदार संतोष कुमार की पत्नी श्रीमती कनक कुमारी को एक एकड़ बंदोबस्त जमीन के कागजात सौंप दिए।

यह जमीन परैया अंचल के मौजा मंझियावां, थाना संख्या 126, खाता संख्या 331, खेसरा संख्या 2340 में स्थित है, जिसका रकबा 1.00 एकड़ है।

उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सोमवार को कहा कि शहीद सूबेदार संतोष कुमार ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार शहीदों की शहादत को नमन करती है और उनके परिजनों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि बलिदानियों के सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

श्री चौधरी ने कहा कि उनके पिता भी सैनिक थे और उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए तीन युद्ध लड़े हैं। उन्होंने कहा कि वह सैनिक परिवार के त्याग और समर्पण को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार और दिल्ली की राजग सरकार शहीद परिवारों के सम्मान और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि श्री चौधरी ने हाल ही में अमोखर स्थित शहीद सूबेदार संतोष कुमार की प्रतिमा का अनावरण करते हुए बलिदानी परिवार से जमीन देने का वादा किया था, जिसे आज पूरा किया गया ।सूबेदार संतोष कुमार फरवरी 2025 में लेह-लद्दाख में हुए एक बम विस्फोट में शहीद हो गए थे।

उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों के परिवार का ख्याल रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित