मुजफ्फरपुर, जुलाई 12 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 1047.09 करोड़ की लागत वाली 982 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इसके तहत 375.04 करोड़ रुपए की लागत से मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना अंतर्गत 669 विकास योजनाएं, 233.77 करोड़ रुपए की लागत से स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज योजना अंतर्गत 3 विकास योजनाएं, 213.25 करोड़ रुपए की लागत से मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी परियोजना सहित अन्य विकास योजनाएं शामिल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सिकंदरपुर में मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत 213.25 करोड रुपए की लागत से सिकंदरपुर लेक फ्रंट का लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने सिकंदरपुर लेक फ्रंट का निरीक्षण किया। इस दौरान सिकंदरपुर लेक फ्रंट परिसर का रात्रि नजारा वीडियो क्लिप के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बेहद आकर्षक फव्वारों, लाइटिंग और कलाकृतियों से सजे इस लेक फ्रंट के शुरू होने से शहर को नई पहचान मिली है। उन्होंने निर्देश दिये कि सिकंदरपुर लेक फ्रंट परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था हो इसका विशेष रूप से ख्याल रखें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित