पटना , मार्च 11 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 11 से 17 मार्च तक पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग 2026 का उद्घाटन ट्रॉफी का अनावरण कर किया।

श्री चौधरी ने बिहार महिला कबड्डी लीग की ट्रॉफी का अनावरण करने के बाद उपस्थित लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार मिलकर बिहार में खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए हर संभव प्रयास और सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में कबड्डी का माहौल है और यह ऐसा खेल है जो कहीं भी खेला जा सकता है और बिना किसी खर्च के खेला जा सकता है। आज छह टीमें खेल रही हैं लेकिन सरकार का प्रयास रहेगा कि अगली बार बिहार के सभी जिले की टीम इसमें खेल सकें और कबड्डी का विस्तार हो।

मुख्य अतिथि खेल मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने सभी लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि सरकार और खिलाड़ियों के प्रयास से बिहार खेल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर निरंतर नयी ऊंचाईयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आने वाले ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमों में बिहार के कुछ खिलाड़ी अवश्य रहें और इसी को लक्ष्य बना कर खेल के क्षेत्र में हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, महिला एवं बाल विकास निगम की प्रबंध निदेशक श्रीमती बंदना प्रेयसी, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण,खेल विभाग के सचिव महेन्द्र कुमार , बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निदेशक रविंद्र नाथ चौधरी, पूर्व निदेशक संजय कुमार, प्राधिकरण के उप निदेशक हिमांशु सिंह, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार,बिहार कबड्डी संघ के सचिव कुमार विजय भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित