भागलपुर, सितंबर 10 -- िहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को भागलपुर एवं मुंगेर जिले के सीमावर्ती तारापुर प्रखंड के लखनपुर गांव स्थित पैतृक घर पर पहुंचे और अपनी मां की चौथी पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।राज्य के पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी की धर्मपत्नी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की माता पूर्व विधायक स्वर्गीय पार्वती देवी की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को पैतृक घर पर आयोजित कार्यक्रम में शकुनी चौधरी, सम्राट चौधरी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ हवन किया। इसके बाद सभी ने स्व.पार्वती देवी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर भावभींनी श्रद्धांजलि दी और नमन किया।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने अपनी माता के अशेष क्षणों को याद करते हुए कहा कि मां की स्मृतियां सदैव उनके हृदय में रहती है और उनका आशीर्वाद जीवनभर हमारा मार्गदर्शन करता है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने तारापुर बाजार के पार्वती नगर पहुंच कर स्मृति शेष माताश्री की प्रतिमा को नमन कर माल्यार्पण किया।इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

इसके पहले सुल्तानगंज के बेलारी गांव के केएम काॅलेज परिसर स्थित हैलिपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का स्वागत प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय,वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव, भागलपुर के विधायक रोहित पांडेय, सुल्तानगंज के विधायक ललित नारायण मंडल, मुंगेर के विधायक प्रणय कुमार, जिला जनता दल यूनाइटेड (जदयू )अध्यक्ष विवेका गुप्ता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार ने पुष्पगुच्छ देकर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भागलपुर और मुंगेर जिले के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित