दरभंगा , जुलाई 25 -- बिहार सरकार के मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने शनिवार को कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई बिहार सरकार ने अपने पहले 100 दिनों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर विकास को नई गति दी है।समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में "सेवा, संकल्प एवं समर्पण के 100 दिन" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सहनी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा, रोजगार, उद्योग, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आधारभूत संरचना का समग्र विकास है। उन्होंने कहा कि 'सात निश्चय-3' के तहत प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 385 एकड़ भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है। इससे नए उद्योगों की स्थापना होगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।

मंत्री ने राशन कार्ड निर्माण में जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उनसे पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनवाने तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन से वंचित लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में सरकार के पहले 100 दिनों की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि दरभंगा जिले में वर्तमान में 19 सरस्वती विद्या निकेतन संचालित हैं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए आठ नए डिग्री कॉलेजों का संचालन प्रारंभ किया गया है। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 593 लाइव कक्षाओं का आयोजन भी किया गया। दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए 393 स्वीकृत आवेदनों के आधार पर सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित