पटना , मई 07 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरूवार को कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कुशल नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाते हुए बिहार को प्रगति, समृद्धि और नए कीर्तिमानों की ऊँचाइयों तक पहुंचाएगी।
श्री सरावगी ने आज बिहार मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने नए मंत्रियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे सभी जनसेवा से 'विकसित बिहार' के लक्ष्य को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
श्री सरावगी ने विश्वास जताते हुए कहा कि मंत्रिमंडल में शामिल सभी सदस्यों का अनुभव और कर्तव्यपरायणता से बिहार के विकास की राह और मजबूत होगी तथा यह प्रदेश विकास और सुशासन में नई ऊँचाइयों पर पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि इस मंत्रिमंडल में अनुभवी नेताओं और युवा जोश की भागीदारी है, तो आधी आबादी को भी उचित प्रतिनिधित्व देकर सम्मान दिया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मंत्रिमंडल में समाज के सभी वर्गों को उचित प्रतिनधित्व दिया गया है। युवाओं की भागीदारी से नई ऊर्जा मिलेगी।
श्री सरावगी ने कहा कि राजग सरकार बिहार मजबूती और विकास के साथ आगे बढ़ाने को लेकर प्रतिबद्ध है, चाहे वह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार हो या सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार। उन्होंने कहा कि सरकार हर तरह से पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, और नया मंत्रिमंडल प्रदेश की तरक्की को तेज़ी से बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेगी।
इससे पहले भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की गरिमामयी उपस्थिति में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित