वाराणसी , अक्टूबर 17 -- सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान परम्परा से जोड़ने तथा भारतीय ज्ञान प्रणाली के प्रति उनकी समझ और अकादमिक अभिरुचि विकसित करने के उद्देश्य से 'भारत बौद्धिक ज्ञान प्रणाली 2.0 राष्ट्रीय परीक्षा-2026' का आयोजन 21 नवंबर को किया जाएगा।

विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकाय प्रमुख प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने शनिवार को बताया कि परीक्षा का आयोजन भारतीय उच्च शिक्षा संस्थान की ओर से किया जा रहा है। इसमें भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय का भारतीय ज्ञान परम्परा प्रभाग ज्ञान भागीदार के रूप में सहयोग कर रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से 17 अक्टूबर को जारी सूचना के अनुसार, परीक्षा में कला, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान से संबंधित विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।

परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थी 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। इसके लिए 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट https://www.bhartboudhiks.com के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए विश्वविद्यालय का परिचय-पत्र, वाहन चालन अनुज्ञापत्र अथवा कोई सरकारी पहचान-पत्र, ईमेल पता और मोबाइल नंबर आवश्यक होंगे।

परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 50 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,500 रुपये दिए जाएंगे। परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित