कानपुर नगर , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश सरकार की 'एक जनपद एक व्यंजन (ओडीओसी) वित्तपोषण सहायता योजना' के तहत कानपुर नगर में समोसा, लड्डू और मक्खन मलाई के निर्माण एवं व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को बैंक ऋण के साथ मार्जिन मनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र ने इच्छुक उद्यमियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह ने सोमवार को बताया कि योजना के अंतर्गत जनपद कानपुर नगर के लिए समोसा, लड्डू और मक्खन मलाई को चिन्हित उत्पाद घोषित किया गया है। इन उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, सेवा अथवा व्यवसाय से संबंधित नई इकाइयों की स्थापना के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। किसी न्यूनतम शैक्षिक योग्यता की अनिवार्यता नहीं है। इच्छुक अभ्यर्थियों को एमएसएमई विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। योजना के तहत 25 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर कुल लागत का 25 प्रतिशत अथवा अधिकतम 6.25 लाख रुपये (जो भी कम हो) मार्जिन मनी के रूप में दी जाएगी।
25 लाख रुपये से अधिक और 50 लाख रुपये तक की परियोजनाओं के लिए 6.25 लाख रुपये अथवा परियोजना लागत का 20 प्रतिशत (जो भी अधिक हो) मार्जिन मनी प्रदान की जाएगी। 50 लाख रुपये से अधिक और 1.50 करोड़ रुपये तक की परियोजनाओं के लिए 10 लाख रुपये अथवा परियोजना लागत का 10 प्रतिशत (जो भी अधिक हो) मार्जिन मनी उपलब्ध कराई जाएगी। इसी प्रकार 1.50 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर परियोजना लागत का 10 प्रतिशत, अधिकतम 50 लाख रुपये (जो भी कम हो) मार्जिन मनी के रूप में प्रदान की जाएगी।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं के अंशदान के रूप में जमा करना होगा, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं दिव्यांगजन श्रेणी के लाभार्थियों के लिए यह अंशदान 5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में इच्छुक अभ्यर्थी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, चार खम्भा कुआँ, फजलगंज, कानपुर नगर स्थित कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित