पटना, मार्च 26 -- हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने गुरूवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा ने विकास और सुशासन के 20 वर्षों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाया है।
श्री सुमन ने मुख्यमंत्री श्री कुमार की 'समृद्धि यात्रा' के सफल समापन पर कहा कि यह यात्रा केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में हुए व्यापक परिवर्तन, विकास और सुशासन की सशक्त प्रस्तुति रही है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 के पहले बिहार जिस अव्यवस्था, भय और पिछड़ेपन के दौर से गुजर रहा था, वहां से आज राज्य ने जो प्रगति की है, वह देश के सामने एक उदाहरण है। बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में हुए कार्यों ने बिहार को नई पहचान दी है।
डॉ. सुमन ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में बिहार ने सड़क, बिजली, पानी और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार देखा है। उन्होंने कहा कि "समृद्धि यात्रा" के माध्यम से सरकार ने न केवल अपनी उपलब्धियों को जनता के सामने रखा, बल्कि जमीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए।उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा आने वाले समय में बिहार के समग्र विकास के लिए एक नई दिशा तय करेगी और राज्य को आत्मनिर्भरता एवं समृद्धि की ओर अग्रसर करेगी।
मंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी मुख्यमंत्री श्री कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के साथ मिलकर बिहार के विकास, सामाजिक समरसता और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने 'समृद्धि यात्रा' की सफलता पर मुख्यमंत्री श्री कुमार एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह यात्रा बिहार के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला साबित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित