गिरिडीह , जनवरी 19 -- झारखंड के गिरिडीह जिले में सोमवार की सुबह मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गादीश्रीरामपुर में सामुहिक लोन के दबाव के कारण एक मां और बेटी ने फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली।
गादी श्रीरामपुर के रहने वाले जेएलकेएम कार्यकर्ता सोनू रवानी की 38 वर्षीय पत्नी पुतुल देवी और उसकी 16 साल की बेटी स्नेहा कुमारी का शव घर के कमरे में फंदे से झूलता हुआ मिला है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि कमरे में मां बेटी का शव मिलने से जहां इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जितावाहन उरांव और महतोडीह पुलिस भी घटनास्थल पहुंच गईं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह ज़ब देर तक कमरे का दरवाजा नही खुला, तो खिड़की से देखा गया की दोनों का शव फंदे से झूल रहा है। जानकारी मिलने के बाद मौके पर लोगो की भीड़ जमा हो गई। वही एसडीपीओ भी पुलिस जवान के साथ पहुंच गए । इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में मां और बेटी का शव फंदे से उतारा गया और दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ग्रुप लोन के वजह से मृतका पुतुल देवी काफी दबाव में थी। समूह के दौरान उनके नाम से लोन उठाकर जरूरतमंद महिला को दे दिया गया था, जिसके द्वारा लोन की राशि जमा नहीं की जा रही थी। वहीं लोन वसूली करने वाले एजेंट लगातार पुतुल देवी पर दबाव बनाए हुए थे। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित