मुंबई , जुलाई 23 -- आगामी फिल्म 'मैक्स, मिन एंड म्याऊज़ाकी' की निर्माता समिक्षा ओसवाल ने खुलासा किया है कि फिल्म की भावनात्मक कहानी उनकी और सह-निर्माता शैल ओसवाल की वास्तविक जिंदगी से प्रेरित है।समिक्षा ओसवाल ने कहा कि उन्हें जानवरों से एलर्जी थी, जबकि शैल ओसवाल बड़े पशु प्रेमी हैं और उनके फार्महाउस पर बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों की देखभाल की जाती है। उन्होंने बताया कि शैल के पालतू कुत्तों को अपनाने और उनके साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाने की प्रक्रिया ने उन्हें रिश्तों में किए जाने वाले छोटे-छोटे समझौतों का महत्व समझाया, जो इस फिल्म की प्रेरणा बना।

उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल एक बिल्ली को केंद्र में रखकर बनाई गई कहानी नहीं है, बल्कि प्यार, बिछड़ने, रिश्तों के घाव भरने और परिवार के मजबूत संबंधों की भावनात्मक यात्रा भी है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग रिश्तों की अहमियत को नजरअंदाज कर देते हैं और यह फिल्म उन्हें रिश्तों को महसूस करने तथा संजोने का संदेश देती है।

समिक्षा ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सबसे बड़ी चुनौती बिल्ली को मुख्य किरदार के रूप में फिल्माना था। उन्होंने कहा कि बिल्ली अक्सर सेट पर लाइटों के बीच दौड़ जाती थी या सो जाती थी, जिसके कारण पूरी टीम को धैर्य के साथ उसका इंतजार करना पड़ता था और शूटिंग सामान्य फिल्मों की तुलना में अधिक समय तक चली।

पद्मकुमार नरसिम्हामूर्ति द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म में मेधा शंकर, सिद्धार्थ मेनन, आदिल हुसैन, मंदिरा बेदी, नासर, नफीसा अली और विधात्री बांदी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। एसएसओ प्रोडक्शंस के बैनर तले शैल ओसवाल और समिक्षा ओसवाल द्वारा निर्मित यह फिल्म 24 जुलाई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित