पटना , सितंबर 08 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को कहा कि बदलते सामाजिक और आर्थिक परिवेश में बीमा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गयी है तथा समावेशी विकास के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बीमा क्षेत्र में नवाचार और तकनीक के बेहतर उपयोग की आवश्यकता है।

डॉ. कुमार ने आज पटना में आईसीसी बिहार स्टेट काउंसिल की ओर से आयोजित 'थर्ड आईसीसी इंश्योरेंस कॉन्क्लेव 2026' में कहा कि बीमा केवल आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को वित्तीय सुरक्षा देकर उन्हें सशक्त बनाने तथा समावेशी विकास को मजबूत करने का प्रभावी साधन भी है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बीमा क्षेत्र में हो रहे तकनीकी नवाचार और डिजिटल बदलावों के माध्यम से आम लोगों तक बीमा सेवाओं की पहुंच को अधिक सरल और व्यापक बनाया जा सकता है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, छोटे व्यवसायियों, किसानों तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक बीमा सुविधाओं की सहज पहुंच सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है।

डॉ. कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। जन-धन, सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न बीमा योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को आर्थिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है। अब तकनीक और नवाचार के माध्यम से इन सेवाओं को और अधिक प्रभावी तथा जनसुलभ बनाने की जरूरत है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के कॉन्क्लेव उद्योग जगत, बीमा विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को एक साझा मंच प्रदान करते हैं। यहां विचारों के आदान-प्रदान के माध्यम से भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर गंभीर विमर्श होता है, जिससे नई नीतियों, नवाचारों और बेहतर कार्ययोजनाओं का मार्ग प्रशस्त होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित