पटियाला , मार्च 21 -- आम आदमी पार्टी (आप) की पटियाला जिला इकाई ने शनिवार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की समाना के किसान भवन यात्रा के दौरान जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता आयोजन स्थल पर एकत्र हुए, जिन्होंने काले झंडे लहराये और 'सैनी वापस जाओ', "पंजाब का ग्रामीण विकास कोष (आरडीएफ) जारी करो" और "बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1600 करोड़ रुपये जारी करो" जैसे नारे लगाकर पंजाब के प्रति केंद्र के अन्याय के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा, जिला अध्यक्ष और जिला योजना समिति के चेयरमैन तेजिंदर मेहता और निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी गुलज़ार सिंह विर्क ने किया। सभा को संबोधित करते हुए 'आप' नेताओं ने भाजपा सरकार पर पंजाब को उसके वाजिब हक से लगातार वंचित रखने का आरोप लगाया। उन्होंने पंजाब के लंबित ग्रामीण विकास कोष (आरडीएफ) और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1,600 करोड़ रुपये की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए कहा कि इस देरी से राज्य और यहां के लोगों को भारी कठिनाई हो रही है।विरोध प्रदर्शन में निर्वाचन क्षेत्र के प्रभारी प्रदीप जोसन, कुंदन गोगिया, शिक्षा विंग के जिला अध्यक्ष गुरदेव तिवाना, एससी विंग के जिला अध्यक्ष धर्म पाल नाहर के साथ-साथ शंकर जिंदल, गोपाल कृष्ण और ट्रेड कमीशन समाना के चेयरमैन राजू छाबड़ा सहित कई अन्य पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

उनके साथ अमरदीप संघेरा (जिला अध्यक्ष, यूथ विंग), गुरदेव तिवाना (जिला परिषद सदस्य), संदीप झंडी (यूथ इंचार्ज, समाना), दीपक बधावा, कुलजीत रंधावा, रवि रंधावा, रमन दीप शर्मा, कमलजीत खानपुर गदियां, मनिंदर डकाला, गोपाल कृष्ण बिट्टू, सुनैना मित्तल, एमसी जस्सी खेड़ा जट्टा और समाना के गांवों के कई सरपंच भी उपस्थित थे। "आप' नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पंजाब का जायज फंड जल्द से जल्द जारी नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में पार्टी अपने आंदोलन को और तेज करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित