समाना , मई 26 -- शिरोमणि अकाली दल के यूथ अकाली दल प्रधान और घनौर हलका इंचार्ज सरबजीत सिंह झिंझर ने मंगलवार को समाना नगर काउंसिल चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) पर पंजाब पुलिस का दुरुपयोग कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाये हैं। यहां जारी बयान में श्री झिंझर ने कहा कि पंजाब सरकार ने पुलिस को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करते हुए विपक्षी दलों और वोटरों को दबाने की कोशिश की, जबकि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को खुली छूट दी गयी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिरोमणि अकाली दल के दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया और दफ्तर को जबरन खाली करवाया गया। इसके विपरीत, मौके पर मौजूद आप कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गयी।

श्री झिंझर ने कहा कि पंजाब पुलिस, जिसे चुनाव प्रक्रिया के दौरान निष्पक्ष भूमिका निभानी चाहिए थी, वह आम आदमी पार्टी की 'एनफोर्समेंट विंग' की तरह काम कर रही है और सोच-समझकर विपक्ष को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा, " आज समाना में जो कुछ हो रहा है, वह लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। प्रशासन का इस्तेमाल सत्ताधारी पार्टी के पक्ष में किया जा रहा है। "स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब वोट डालने पहुंचे लोगों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किये जाने की खबर सामने आयी। अकाली दल ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र के खिलाफ बताया।

श्री झिंझर ने आरोप लगाया कि चुनाव वाले दिन विपक्षी कार्यकर्ताओं और आम वोटरों के खिलाफ की गयी कार्रवाई यह दर्शाती है कि आप सरकार लोकतांत्रिक विरोध को सरकारी दबाव और धमकियों के जरिए दबाना चाहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित