चंडीगढ़ , मार्च 31 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मंगलवार को होशियारपुर जिले में बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा के साथ की गई तोड़फोड़ की कड़े शब्दों में निंदा की है।
श्री जाखड़ ने कहा, " भारतीय जनता पार्टी होशियारपुर जिले में बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा के साथ की गई तोड़फोड़ की कड़े शब्दों में निंदा करती है। यह पंजाब सरकार की प्रभावी शासन व्यवस्था की कमी को दर्शाता है, क्योंकि इस प्रकार की घटनाएं पूरे राज्य में हो रही हैं।"उन्होंने कहा कि एक तरफ पुलिस थाने भी हमलों का निशाना बन रहे हैं, और दूसरी तरफ विदेशों में बैठे लोग पंजाब में नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि राज्य सरकार कार्रवाई करने में असमर्थ दिखाई दे रही है। हालांकि समाज में विभाजन पैदा करने की ऐसी कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी, लेकिन सरकार को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
श्री जाखड़ ने कहा, "हम सभी पंजाबियों से भी अपील करते हैं कि वे ऐसी विभाजनकारी ताकतों से सतर्क रहें और आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें।
इसी बीच, उक्त घटना की जिम्मेवारी लेते हुए गुरपतवंत सिंह पन्नू के नेतृत्व वाले खालिस्तान समर्थक समूह "सिख् फॉर जस्टिस" ने राजनीतिक तोड़-फोड़ की एक लक्षित घटना के तहत अंबेडकर की प्रतिमा पर हथौड़ों से वार करने का फुटेज जारी किया है। इसके साथ ही, उसने दलित समाज से अंबेडकर का त्याग करने और गुरु रविदास की पूजा करने का आग्रह किया है, जिनकी शिक्षाओं को गुरु ग्रंथ साहिब में शामिल किया गया है।
हथौड़े से किए गए इस हमले को "अंबेडकर पर जनमत संग्रह" करार देते हुए, पन्नू ने पूरे पंजाब में अंबेडकर की प्रतिमाओं को उखाड़ने के लिए राज्यव्यापी अभियान चलाने का आह्वान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित