मधुबनी , फरवरी 15 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व समाज को एकता और सद्भाव का संदेश देता है। श्री सिन्हा आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मधुबनी पहुंचे। सर्किट हाउस पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला अध्यक्ष प्रभांशु झा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें मिथिला की पारंपरिक पहचान 'पाग, चादर और माला' पहनाकर सम्मानित किया गया और स्मृति चिह्न के रूप में प्रसिद्ध मिथिला पेंटिंग भेंट की गई। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

सदर एसडीएम चंदन कुमार झा और सदर एसडीपीओ-1 अमित कुमार ने सर्किट हाउस में उपमुख्यमंत्री की अगवानी की। औपचारिक स्वागत के बाद विजय सिन्हा राजनगर स्थित मंगरौनी एकादश रुद्र महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने महादेव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और राज्य की सुख,शांति तथा समृद्धि के लिए प्रार्थना की। भक्तों के बीच "हर-हर महादेव" के उद्घोष से मंदिर परिसर गूंज उठा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व समाज को एकता और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने मिथिला की सांस्कृतिक महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि मिथिला की सांस्कृतिक विरासत विश्व स्तर पर अद्वितीय है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे का संचार करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित