चंडीगढ़ , जून 17 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी की अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता बुधवार को श्री रघुनाथ मंदिर के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने समाज सेवा और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश भी दिया।
डॉ. गुप्ता ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि धर्म, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। भारतीय संस्कृति सदैव मानवता, सेवा और सद्भाव का संदेश देती रही है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और नयी पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराते हैं।
उन्होंने कहा कि केवल सरकार के प्रयासों से जनोपयोगी कार्यों को पूर्ण गति नहीं दी जा सकती, जब तक समाज का सहयोग न मिले। धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं की समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ये संस्थाएं लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देती हैं।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि जब समाज विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाता है, तो योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचता है और विकास को नयी गति मिलती है। उन्होंने सभी सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जनकल्याण के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पानीपत की दशहरा कमेटी, सनोली रोड तथा सहयोगी धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर डॉ. गुप्ता को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वेद बंगा, रमेश माता, तिलक छाबड़ा सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित