रांची , फरवरी 16 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आज जामताड़ा जिले के नारायणपुर में आयोजित दिव्यांग शिविर में दिव्यांगजनों के बीच ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, एयर बड, कृत्रिम हाथ-पांव, बैसाखी सहित अन्य सहायक उपकरणों का वितरण किया।

मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि इतने बड़े और जनहितकारी आयोजन का श्रेय यदि किसी को जाता है तो वह पूर्व सांसद फुरकान अंसारी को जाता है। उन्होंने बताया कि फुरकान साहब ने ही उन्हें विशेष रूप से प्रेरित करते हुए कहा था कि समाज का एक बड़ा वर्ग अभी भी पीछे छूट गया है, जो हम तक नहीं पहुंच पाता। ऐसे लोगों तक योजनाओं का लाभ सम्मान के साथ पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है।

डॉ. अंसारी ने कहा कि वे पूर्व सांसद के मार्गदर्शन पर निरंतर कार्य करते हैं और उसी का परिणाम है कि आज हजारों दिव्यांगजन इस शिविर से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले दिनों में पूरे झारखंड में इसी तरह के और भी बड़े दिव्यांग शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी जरूरतमंद पीछे न रह जाए। उन्होंने भावुक स्वर में कहा, हमारी मंशा साफ है-दिव्यांग भाइयों-बहनों के चेहरे पर मुस्कान लाना। आज उनकी मुस्कान देखकर जो आत्मिक संतोष मिला है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

डॉ. अंसारी ने यह भी घोषणा की कि जल्द ही नारायणपुर में एक विशाल नेत्र शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसका लाभ पूरे जामताड़ा जिले के लोगों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि मोबाइल के अत्यधिक उपयोग के कारण आंखों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, इसलिए समय रहते बड़े स्तर पर नेत्र जांच और उपचार की व्यवस्था जरूरी है।

मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिव्यांग शिविर सेवा, संवेदना और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को सशक्त बनाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकार और आत्मविश्वास की रक्षा के लिए सामूहिक संकल्प लें और एक संवेदनशील एवं समावेशी समाज के निर्माण में भागीदार बनें।

इस अवसर पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों के लिए इतनी बड़ी पहल वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा, "समाज का असली विकास तब माना जाएगा जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधा पहुंचे। आज का यह शिविर उसी सोच का जीवंत उदाहरण है।"फुरकान अंसारी ने आगे कहा कि डॉ. इरफान अंसारी जिस प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ काम कर रहे हैं, वह पूरे झारखंड के लिए उम्मीद की नई किरण है। उन्होंने मंत्री से अपील की कि वे इसी तरह समाज के हर वर्ग-विशेषकर गरीब, कमजोर और दिव्यांग-के लिए निरंतर कार्य करते रहें। उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, "दिव्यांग होना कोई कमी नहीं, बल्कि ईश्वर का विशेष वरदान है। जरूरत सिर्फ समाज के सहयोग और सही अवसर की है।"कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दर्जनो दिव्यांग बहनों को स्कूटी प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ी सौगात दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मजबूत बनाना और उन्हें समाज में आगे लाना उनकी प्राथमिकता है। मंत्री ने एक बार फिर फुरकान अंसारी के दूरदर्शी सोच की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से आज महिलाएं और कमजोर वर्ग तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और समाज में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभा रहे हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि संवेदनशील नेतृत्व और सकारात्मक सोच से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाई जा सकती है।

मौके पर जामताड़ा जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, नारायणपुर अध्यक्ष कमरुद्दीन अंसारी, कांग्रेस नेत्री शबाना खातून, राजनीतिक सलाहकार निशापति हांसदा, बीरबल अंसारी रूपेश यादव हराधन महतो रविंद्र मरांडी संजीत मुर्मू हरी बसकी जयप्रकाश तिवारी तनवीर आलम शफकत अंसारी सहित अन्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित