बुलंदशहर , मई 20 -- उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बुधवार को बुलंदशहर पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है और इससे संगठन को मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार मिलकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

श्री सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज और संगठन के बीच सेतु का कार्य करते हैं तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों से उन्हें सरकार की योजनाओं और नीतियों की बेहतर जानकारी मिलती है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा महंगाई को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जल शक्ति मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने कभी गांव, गरीब और किसानों की वास्तविक स्थिति को नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह पता ही नहीं है कि महंगाई कहां दिखाई दे रही है।

उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार किसानों, गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस दौरान भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित