मैनपुरी,26 जुलाई (वार्ता) उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मैनपुरी में समाजवादी पार्टी पर तीखा करते हुए उस पर मैनपुरी की पहचान का संकट पैदा करने का आरोप लगाया। योगी ने यहां एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि 2017 से पहले सपा की सरकार में बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा पर संकट पैदा हो गया था। संभ्रांत परिवार के लोग अपनी बेटियों को पढ़ाई के लिए हॉस्टल भेजते थे। सफा के गुंडों ने व्यापारियों के कारोबार चौपट कर दिया था। प्रदेश में पिछले नौ वर्ष के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने संगठित अपराध की कमर तोड़ दी,और माफियाओं को मिट्टी में मिला दिया।अब प्रदेश में न निषेधाज्ञा, न दंगा, प्रदेश में सब है चंगा।योगी आदित्यनाथ आज नेहरू स्टेडियम में 682 करोड़ की 111 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री के आज के सम्बोधन में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव निशाने पर रहे। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य से उठकर राजस्व प्लस का राज्य बन गया है। डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश का चहुमुंखी विकास हो रहा है। प्रति व्यक्ति आय भी उत्तर प्रदेश में पिछले नौ वर्षों में बढ़ी है। आज उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए माहौल बना है और लाखों करोड़ रुपये के प्रॉजेक्ट प्रदेश में लग रहे हैं। मैनपुरी और इटावा को विकसित किये बिना उत्तर प्रदेश विकसित नहीं हो सकता,इसलिए विकसित उत्तर प्रदेश के लिए मैनपुरी और इटावा को विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकसित बनाने का काम 2017 से पहले भी हो सकता था, लेकिन उस समय जिन पर प्रदेश की जिम्मेदारी थी। वह 12 बजे सोकर उठते थे, दो बजे तैयार होते थे। पांच बजे जिम चले जाते थे और शाम को महफ़िल सज जाती थी। समाजवादी पार्टी की सरकार में विकास योजनाओं का पैसा सैफई परिवार के विकास में लगा दिया गया। नौजवानों को नौकरी चेहरे देखकर और पैसे लेकर दी जाती थी। नौकरी से पहले बसूली शुरू हो जाती थी। बीजेपी सरकार में नौ लाख नौजवानों को नौकरी दी गयी। मैनपुरी और इटावा के नौजवानों को भी नौकरी मिल रही है,उनसे जब नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में पूंछा जाता है कि नौकरी के लिए कोई पैसा लगा या कोई सिफारिश की जरूरत पड़ी,तो वह कहते हैं कि सरकारी नौकरी बिना भेदभाव के योग्यता के आधार पर मिली है।

मुख्यमंत्री ने जातिवाद की राजनीति करने वालों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि देश में गरीब,महिला, किसान और नौजवान यही चार जातियां हैं और अगर इनके लिए काम कर लिया तो देश विकसित हो जायेगा।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में पर्व और त्यौहार मनाने पर संकट पैदा हो गया था। कांवड़ियों की यात्रा पर रोक लगा दी जाती थी। शंख और घण्टे बजाने पर रोक लग जाती थी।

अब प्रदेश में कांवड़ियों की यात्रा पर कोई रोक नहीं है,अधिकारियों से कहा गया है कि कांवड़ियों को न रोका जाए। कांवड़िए अनुशासन में रहकर गंगा जल लाकर शिवालयों में चढ़ाते हैं। प्रदेश सरकार ने जन्माष्टमी पर जो रोक लगाते थे,उनको भी करारा जबाब दिया है। मथुरा,व्रन्दावन ,मैनपुरी, इटावा सहित पूरे प्रदेश में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाती है। थानों,पुलिस लाइन और जेल में भी जन्माष्टमी मनाई जाती है। जन्माष्टमी पर भी रोक लगा दी गयी थी।

उन्होंने कहा कि आज पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय द्वारा प्रदेश के मन्दिरों के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है,पहले की सरकार यह धनराशि कब्रिस्तान बनाने पर व्यय करती थी। अब अच्छी सोच के साथ जनता के हित में कार्य हो रहा है।

मैनपुरी के विकास के लिए यंहा के जनप्रतिनिधि जो प्रस्ताव भेजेंगे। उन पर सरकार सकारात्मक निर्णय लेगी और प्रस्तावों के आधार पर जिले के विकास के लिए रुपया मिलेगा।

प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने किसानों के हित में 10 घण्टे बिजली देने की मांग की,जिस पर उन्होंने कहा कि उनका जुलाई में दौरा करने का उद्देश्य यह भी है कि वह जान सकें कि किसानों की क्या समस्याएं है,उनका हल सरकार निकालेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित