भोपाल , जुलाई 16 -- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता यश भारतीय ने छतरपुर में कथित भूमाफिया गतिविधियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए पूरे मामले की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग की है।
यहां जारी एक बयान में यश भारतीय ने आरोप लगाया कि धर्म की आड़ में भूमाफिया नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि छतरपुर से जुड़े घटनाक्रम में प्रभावशाली लोगों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण कानून का प्रभावी ढंग से पालन नहीं हो रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उल्लेख करते हुए भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि सत्ता संरक्षण के कारण आरोपियों के विरुद्ध अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। यश भारतीय ने स्थानीय पत्रकारों के हवाले से दावा किया कि शालिग्राम क्षेत्र का कथित भूमाफिया है तथा उसकी गिरफ्तारी और अन्य घटनाक्रम कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि हाल में मोतीलाल कुशवाहा पर हुए हमले का उद्देश्य गवाहों को डराना था। उन्होंने जेल प्रशासन पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी को कथित रूप से विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा मामले की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों को भी परेशान किया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि शालिग्राम और धीरेंद्र शास्त्री से जुड़े कथित भूमाफिया नेटवर्क की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जाए, जेल में कथित विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया जाए, मोतीलाल कुशवाहा पर हमले के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए तथा उनके उपचार का पूरा खर्च सरकार वहन करे। पार्टी ने प्रधानमंत्री से भी इस मामले पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित