पटना , मई 11 -- बिहार सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को कहा कि डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों के तेजी से विस्तार के बावजूद समाचार माध्यम के रूप में प्रिंट मीडिया आज भी विश्वसनीयता और प्रभावशाली है। श्री कुमार ने यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र आज भी आम लोगों के लिए सूचना का भरोसेमंद तथा प्रमुख माध्यम हैं।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि उन्होंने कहा कि मीडिया ने पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार किया, जिससे बिहार की सकारात्मक छवि देश और दुनिया के सामने उभरकर आई है।उन्होंने विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और गांवों की उन्नति में मीडिया के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों ने बिहार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों और विदेशों में बिहार को लेकर बनी नकारात्मक सोच को बदलने में भी मीडिया की सकारात्मक भूमिका रही है।
श्री कुमार ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू हुई विकास यात्रा को नई सरकार और अधिक गति एवं मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन मे काम कर रही सभी संस्थाएं जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए मिलकर बिहार को प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
मंत्री ने कहा कि राज्य को और बेहतर बनाने के लिए सरकार के कार्यों को गंभीरता से सामने लाना तथा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना आवश्यक है। उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की चूक या कमी दिखाई दे, तो उसे रचनात्मक तरीके से सामने लाकर सरकार का सहयोग करें, जिससे विकास की गति और अधिक मजबूत हो सके।
इस मौके पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक अनिल कुमार, अपर सचिव राजीव कुमार सिंह, संयुक्त निदेशक रवि भूषण सहाय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित