शहडोल , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश में शहडोल जिले के कटकोना गांव स्थित शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर की लगभग 50 छात्राएं छात्रावास की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को कलेक्टर से मिलने पैदल निकल पड़ीं। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद छात्राएं आधे रास्ते से वापस छात्रावास लौट गईं।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार पिछले करीब दो माह से पानी, बिजली तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से परेशान छात्राएं सुबह लगभग 10 बजे मुख्य मार्ग से पैदल शहडोल के लिए रवाना हो गईं। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया।

छात्राओं को समझाने के लिए पहले विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), उसके बाद सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग तथा बाद में प्रभारी कलेक्टर शिवम प्रजापति मौके पर पहुंचे। प्रभारी कलेक्टर ने छात्राओं की समस्याएं सुनीं और पानी, बिजली सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के समाधान का आश्वासन देते हुए संबंधित कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके बाद छात्राएं अपनी पदयात्रा समाप्त कर छात्रावास लौट गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित