समस्तीपुर , मार्च 27 -- मस्तीपुर जिले के बाजितपुर मे प्रगति बाल विकास योजना के तत्वावधान में आगामी 19 जून को 51 कन्याओं का आदर्श सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन किया जायेगा।

कार्यक्रम के संयोजक सह सुधा डेयरी के पूर्व चेयरमैन संजय प्रसाद एवं संस्था के सचिव आर.के.कुशवाहा ने शुक्रवार को यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बताया कि समाज में दहेज प्रथा उन्मूलन एवं कन्या सम्मान के उद्देश्य से यह आदर्श सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें समस्तीपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों की 51 कन्याओं का विवाह कराया जायेगा।

आयोजकों ने बताया कि यह विवाह महोत्सव केवल एक विवाह समारोह नहीं होगा बल्कि 51 परिवारों की आशाओं, सपनों और सामाजिक सम्मान का उत्सव होगा।

इस अवसर पर विवाह महोत्सव के सह संयोजक चन्द्र प्रकाश एवं मानवाधिकार अधिकार सुरक्षा कमिटी, मुजफ्फरपुर के अध्यक्ष अजित भास्कर समेत अन्य प्रमुख लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित