समस्तीपुर , सितंबर 14 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के मोहनपुर, मोहिउद्दीननगर और विद्यापतिनगर प्रखंडों के 26 ग्राम पंचायतों के 71 गांव गंगा के बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। जिला प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सोमवार को यहां बताया कि बाढ़ से 51 हजार 910 परिवारों के 02 लाख 33 हजार 212 व्यक्ति प्रभावित है। साथ ही,07 हजार 811 पशु प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि करीब 10,709.78 हेक्टेयर कृषि भूमि भी बाढ़ की चपेट में आई है। प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं राहत कार्यों के लिए 155 निजी नावों का परिचालन किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए अब- तक 131 सामुदायिक रसोई शुरू की गई हैं, जिनमें सोमवार को 25 रसोई क्रियाशील रहीं। इन रसोई के माध्यम से आज 44 हजार 350 लोगों को भोजन कराया गया। जबकि अब- तक कुल 07 लाख 24 हजार 463 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जा चुका है। प्रभावित परिवारों के बीच कुल 46 हजार 490 पॉलीथीन शीट का वितरण किया गया है।
श्री कुशवाहा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से 22 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं। सोमवार को इन शिविरों में 3 हजार 858 लोगों का उपचार किया गया, जबकि 15,086 लोग स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित हुए हैं। जलजनित एवं अन्य बीमारियों से बचाव के लिए आज 130 किलोग्राम ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया।उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सा विभाग की ओर से आज 66 पशुओं का उपचार किया गया, जबकि कुल 3,547 पशुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों से बुखार, दस्त या अन्य बीमारी के लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित