समस्तीपुर , अक्टूबर 30 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने शुक्रवार की सुबह पानी भरे खड्ड से एक अज्ञात युवती का शव बरामद किया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि मूसेपुर गांव में एक खेत के पास पानी भरे खड्ड में युवती का शव तैरता हुआ पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि युवती की कहीं अन्यत्र हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को यहां फेंका गया है।

मृतका की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से मृतका के कपड़े और चप्पल भी बरामद किए गए हैं।

सूचना मिलने पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवती की पहचान करने के साथ ही मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित