समस्तीपुर , सितंबर 24 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बाईपास सड़क पर नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक(एसपी) अरबिंद प्रताप सिंह ने गुरुवार को यहां बताया कि 23 सितंबर की शाम घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कराई, जिसमें घटनास्थल की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बाईपास बांध की सड़क के रूप में हुई।
एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगतसिंहपुर गांव निवासी विकास कुमार, राहुल कुमार और रामबाबू सहनी तथा बिजोलिया गांव निवासी अवधेश पासवान के रूप में की गयी है।
श्री सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कर्पूरीग्राम थाना में कांड संख्या 117/26, दिनांक 24 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित