समस्तीपुर , अक्टूबर 28 -- बिहार के समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के रामकिसनपुर गांव में बुधवार को कथित जहरीली शराब पीने से 40 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार फिलहाल कथित तौर पर यह जहरीली शराब से जुड़ा मामला लग रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रामकिसनपुर गांव निवासी बेचन पासवान के रूप में हुई है। इस मौत की सूचना मिलने पर सदर पुलिस उपाधीक्षक सतीश सुमन स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीमों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। दोनों टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मौत के कारणों की जांच कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित