समस्तीपुर , अक्टूबर 31 -- ौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को समस्तीपुर रेल मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ-साथ सत्यनिष्ठा एवं कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों पर चलने की शपथ दिलाई। वहीं, राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से 'रन फॉर यूनिटी' (एकता दौड़) का भी आयोजन किया गया, जिसमें रेल अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समस्तीपुर स्थित मंथन सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रेलकर्मियों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित रखने का संकल्प दिलाया। शपथ के माध्यम से रेलकर्मियों ने राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने तथा देशवासियों के बीच एकता, सद्भावना और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही'रन फॉर यूनिटी' के माध्यम से एकता का संदेश दिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित 'रन फॉर यूनिटी' में बड़ी संख्या में रेल अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने हिस्सा लिया। इस आयोजन के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को स्मरण करना तथा देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के उनके संकल्प एवं आदर्शों को अपने जीवन और कार्य व्यवहार में आत्मसात करना था।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सन्नी सिन्हा समेत मंडल के अन्य रेल अधिकारी, कर्मचारी तथा स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित