समस्तीपुर , अप्रैल 04 -- बिहार में पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर रेल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 मे1488.06 करोड़ राजस्व की उगाही कर रिकार्ड बनाया है।

मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने शनिवार को यहां बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में 23.06 प्रतिशत अधिक राजस्व की वृद्धि की गई है। उन्होंने बताया कि मंडल में गत वित्तीय वर्ष मे 608.34 लाख यात्रियों ने यात्रा की जो पिछले वर्ष की तुलना मे 20.13 प्रतिशत अधिक है।

श्री मिश्रा ने बताया कि इस अवधि मे बेटिकट यात्रियों के खिलाफ चलाये गए अभियान मे 7.93 लाख यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे किराये एवं जुर्माना के रूप मे कुल 56.84 करोड़ रुपये वसूल किये गये।उन्होंने बताया कि माल परिवहन एवं अन्य वाणिज्यिक गतिविधियों के क्षेत्र में भी मंडल ने बेहतर प्रदर्शन किया है, जिसमें माल आय 213 करोड़ एवं कोचिंग आय 32.26 करोड़ रूपये शामिल है।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति समेत अन्य रेल अधिकारियों और कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, समर्पण एवं टीम भावना का ही परिणाम है कि मंडल ने राजस्व उगाही मे कीर्तिमान बनाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित