नयी दिल्ली , सितंबर 01 -- बिहार में समस्तीपुर मंडल के 21 स्टेशनों की सिंग्नलिंग प्रणाली का आधुनिकीकरण किया जायेगा। इसके लिए रेलवे ने 233 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी प्रदान की है।

रेलवे ने मंगलवार को बताया कि पूर्वी मध्य रेलवे (ईसीआर) के समस्तीपुर मंडल के 21 स्टेशनों पर मौजूदा समय के पैनल इंटरलॉकिंग को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग में बदला जायेगा। सिग्नलिंग बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और कवच कार्यान्वयन को समर्थन देने वाली इस परियोजना के लिए 233 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की गयी है।

रेलवे के अनुसार इस यह आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली पूरे मंडल में रेलवे सिग्नलिंग के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी और स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच के कार्यान्वयन को सुगम बनायेगी।

रेलवे ने बताया कि ईआई की व्यवस्था से चिह्नित स्टेशनों पर सिग्नलिंग व्यवस्था का आधुनिकीकरण होगा। यह एक आधुनिक सिग्नलिंग तकनीक है जो पुरानी रिले-आधारित प्रणालियों को कंप्यूटर-आधारित इंटरलॉकिंग से बदल देती है, जिससे उच्च विश्वसनीयता, आसान रखरखाव और बेहतर परिचालन सुविधा सुनिश्चित करती है।

रेलवे के अनुसार यह पहल रेलवे द्वारा अपने पूरे नेटवर्क में सिग्नलिंग प्रणाली के आधुनिकीकरण, रेलवे सुरक्षा को मजबूत करने और परिचालन दक्षता बढ़ाने की दिशा में किये जा रहे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित