समस्तीपुर , सितंबर 30 -- समस्तीपुर डाक प्रमंडल ने बचत खाता खोलने, डाक जीवन बीमा और ग्रामीण डाक जीवन बीमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। चालू वित्तीय वर्ष में बचत खाते खोलने में 33.65 प्रतिशत, डाक जीवन बीमा के प्रीमियम में 88.81 प्रतिशत तथा ग्रामीण डाक जीवन बीमा के प्रीमियम में 231.17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
उत्तरी बिहार क्षेत्र, मुजफ्फरपुर के पोस्टमास्टर जनरल पवन कुमार सिंह ने बुधवार को शहर के संध्या उत्सव सभागार में आयोजित समस्तीपुर डाक प्रमंडल के अर्द्धवार्षिक समीक्षा सह पुरस्कार वितरण समारोह में यह जानकारी दी।
श्री सिंह ने बताया कि अप्रैल से सितंबर 2025 की अवधि में समस्तीपुर डाक प्रमंडल ने 53,766 बचत खाते खोले थे, जबकि अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान यह संख्या बढ़कर 71,861 हो गई। इस प्रकार पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 18,095 अधिक खाते खोले गए, जो 33.65 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि डाक जीवन बीमा (पीएलआई) के प्रीमियम में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जहां पीएलआई का प्रीमियम 1.34 करोड़ रुपये था, वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 2.53 करोड़ रुपये हो गया। इस प्रकार 1.19 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 88.81 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आरपीएलआई) के क्षेत्र में प्रमंडल ने विशेष उपलब्धि हासिल की है। इसका प्रीमियम 66.43 लाख रुपये से बढ़कर 2.20 करोड़ रुपये हो गया है। इसमें 1.5357 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 231.17 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो एक रिकॉर्ड उपलब्धि है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित