समस्तीपुर , जून 17 -- बिहार के समस्तीपुर जिले में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के विरोध में आक्रोशित लोगों ने बुधवार को शव के साथ प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-28 को जाम कर दिया।पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि ताजपुर थाना क्षेत्र के हरपुर भिंडी गांव में 45 वर्षीय कुशेश्वर राय का कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान उनकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ जिले के गांधी चौक पर प्रदर्शन किया और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आगजनी करते हुए राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-28 को जाम कर दिया। इसके कारण ताजपुर-समस्तीपुर-पटना मुख्य मार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित