बैतूल , अक्टूबर 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान और मोटे अनाज की बिक्री के लिए 8,121 किसानों ने पंजीयन कराया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार पंजीयन प्रक्रिया 15 सितंबर से 10 अक्टूबर तक संचालित की गई। पंजीकृत किसानों का कुल रकबा 15,124 हेक्टेयर दर्ज किया गया है।

किसानों ने एमपी किसान ऐप, ई-उपार्जन मोबाइल ऐप, कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर और प्राथमिक कृषि सहकारी साख संस्थाओं के माध्यम से पंजीयन कराया। इसमें एग्रीस्टैक में दर्ज खसरों को आधार बनाया गया है।

तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, घोड़ाडोंगरी में सर्वाधिक 5,775 किसानों ने पंजीयन कराया। इसके अलावा शाहपुर में 982, बैतूल में 772, भीमपुर में 228, चिचोली में 193, मुलताई में 65, आमला में 47, प्रभातपट्टन में 44, भैंसदेही में आठ, आठनेर में छह और बैतूल नगर में एक किसान ने पंजीयन कराया। कुल पंजीकृत किसानों में से 8,097 ने धान, 30 ने ज्वार और दो ने बाजरा बेचने के लिए पंजीयन कराया है। प्रशासन अब उपार्जन केंद्रों पर खरीदी की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित