सुलतानपुर , अगस्त 25 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र के मधुपुरी गांव में मंगलवार सुबह समरसेबल हैंडपंप में करंट उतरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंची पत्नी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गईं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मधुपुरी गांव निवासी उदय भान तिवारी (60) सुबह स्नान करने के बाद घर में लगे समरसेबल हैंडपंप से पानी भर रहे थे। इसी दौरान नल छूते ही वह करंट की चपेट में आकर जमीन पर गिर पड़े। बताया गया कि समरसेबल में विद्युत प्रवाह होने के कारण हैंडपंप के नल में भी करंट उतर आया था।
पति को जमीन पर गिरा देखकर उनकी पत्नी मंजू तिवारी उन्हें उठाने पहुंचीं तो वह भी करंट की चपेट में आ गईं। परिजनों ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उदय भान तिवारी को मृत घोषित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित