हाजीपुर , अप्रैल 28 -- पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों में वैशाली जिला प्रशासन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 26 अप्रैल 2026 की समय-सीमा से पहले ही प्रपत्र-1 का डेटा सफलतापूर्वक अपलोड कर लिया है।

राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार की ओर से जारी पत्र में वैशाली जिले की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह की ओर से अपने पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण में प्रपत्र-1 से संबंधित आंकड़ों की प्रविष्टि एवं अपलोडिंग का कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण किए जाने पर प्रशंसा व्यक्त की गई है।

जिला पदाधिकारी के प्रभावी नेतृत्व, निरंतर मॉनिटरिंग और सुदृढ़ टीमवर्क के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई है। आयोग की ओर से भी जिला पदाधिकारी एवं उनकी टीम के प्रयासों को सराहनीय बताते हुए धन्यवाद दिया गया है, जिससे जिले की कार्यकुशलता पर मुहर लगी है।

आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर गठित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 04 मई 2026 को प्रपत्र-1 का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 04 मई से 18 मई 2026 तक आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 04 मई से 22 मई 2026 तक उनका निष्पादन किया जाएगा। अपील वादों का निष्पादन 11 मई से 29 मई 2026 तक संचालित होगी।

जिला पदाधिकारी ने बताया कि 05 जून 2026 को प्रपत्र-1 का अंतिम प्रकाशन तथा 09 जून 2026 तक जिला गजट में प्रकाशन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि आगे की प्रक्रियाओं में भी इसी तत्परता को बनाए रखें और डेटा की शुद्धता व पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

जिला पदाधिकाी ने कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम के समन्वित प्रयासों का परिणाम है, लेकिन इसका श्रेय जिला प्रशासन की प्रतिबद्ध कार्यशैली और समयबद्ध क्रियान्वयन को जाता है। उन्होंने अधिकारियों को आगे भी इसी गति और गुणवत्ता के साथ कार्य करने का निर्देश दिये, जिससे वैशाली जिला निर्वाचन तैयारियों में राज्य स्तर पर अपनी अग्रणी पहचान बनाए रखे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित